चार-दिन से बिजली गुल होने पर लोग सड़क पर उतरे:सीतापुर के इस्माइलपुर मोहल्ले में खंभे टूटे, पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया

Sep 28, 2026 - 17:42
0
चार-दिन से बिजली गुल होने पर लोग सड़क पर उतरे:सीतापुर के इस्माइलपुर मोहल्ले में खंभे टूटे, पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया
सीतापुर में शहर के इस्माइलपुर मोहल्ले में चार दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का गुस्सा सोमवार दोपहर करीब 4 बजे सड़क पर फूट पड़ा। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली आपूर्ति शुरू न होने से परेशान हजारों लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क पर जाम लगा दिया। बिजली नहीं आने से इलाके में पेयजल का संकट भी गहरा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश और तेज आंधी के दौरान इलाके में बिजली का खंभा टूट गया था। इसके बाद से ही इस्माइलपुर मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति बाधित है। लोगों का कहना है कि चार दिन से बिजली न आने के कारण घरों में लगे पानी के मोटर नहीं चल पा रहे हैं। इससे पीने के पानी के साथ ही रोजमर्रा के कामों के लिए भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लगातार चार दिन तक बिजली नहीं आने से करीब पांच हजार से अधिक की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। सोमवार को लोगों का सब्र जवाब दे गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से यातायात प्रभावित हो गया और जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत की। पुलिस ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन देकर लोगों को समझाया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। स्थानीय निवासी रामफल शर्मा ने बताया कि चार दिन से बिजली नहीं आने के कारण लोग परेशान हैं। पानी की समस्या सबसे बड़ी है। लोगों का कहना है कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होगी, तब तक समस्या बनी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User