छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए:घाटमपुर पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी

Oct 15, 2026 - 17:32
0
छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए:घाटमपुर पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी
घाटमपुर में साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं के बीच छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार दोपहर घाटमपुर में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना घाटमपुर पुलिस की ओर से नगर स्थित दयानंद दीनानाथ इंटरनेशनल स्कूल, चीना पब्लिक स्कूल और राजकीय हाईस्कूल घाटमपुर में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के तरीके समझाए। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, वित्तीय फ्रॉड और साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनकी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने चाहिए। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय भी सावधानी बरतनी चाहिए।उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल का इस्तेमाल करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर भी जोर दिया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की उपयोगिता समझाई गई। इस दौरान साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी कपिल, महिला दरोगा नेहा, कांस्टेबल दीक्षा, शिवानी सहित साइबर टीम और मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User