अयोध्या में आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली:बच्चों के कार्ड भी 150 में बन रहे, ऑपरेटर बोला- ऊपर भी देना पड़ता है पैसा

Oct 15, 2026 - 17:32
0
अयोध्या में आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली:बच्चों के कार्ड भी 150 में बन रहे, ऑपरेटर बोला- ऊपर भी देना पड़ता है पैसा
अयोध्या जिले के बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय अमानीगंज में आधार कार्ड बनाने और संशोधन के नाम पर खुलेआम वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए भी लोगों से 150 रुपये लिए जा रहे हैं, जबकि इस आयु वर्ग के बच्चों का आधार पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है। गुरुवार दोपहर पड़ताल के लिए दैनिक भास्कर की टीम मौके पर पहुंची तो कथित ऑपरेटर द्वारा अधिक पैसे लेने की बात उजागर हुई। आधार का काम कर रहे ऑपरेटर चंद्र प्रकाश पांडे से जब शुल्क के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि नया आधार बनवाने और संशोधन कराने दोनों के लिए 150 रुपये लिए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इतना पैसा नहीं लेंगे तो ऊपर भी देना पड़ता है। भास्कर की पड़ताल में पड़ताल के दौरान सिधारी बाजार निवासी अमीना बानो, टिकटी निवासी रूमा और रौतावां निवासी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि वे आधार में संशोधन कराने आए थे और उनसे भी 150 रुपये वसूले गए। लोगों ने बताया कि रोजाना दर्जनों ग्रामीण यहां आते हैं और सभी से इसी तरह पैसा लिया जाता है। वहीं कथित ऑपरेटर चंद्रशेखर पांडे ने बताया कि उसके नाम पर आधार बनाने की कोई आईडी जेनरेट नहीं है। सीडीपीओ कार्यालय के बाबू रवि के नाम पर आईडी जेनरेट है और उन्हीं की आईडी पर वह काम करता है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि प्रभारी सीडीपीओ अनीता सोनकर करीब एक सप्ताह से कार्यालय नहीं आ रही हैं। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय में अधिकारी के न रहने से वसूली और भी बेरोकटोक हो रही है। अब देखना है कि आधार के नाम पर हो रही इस कथित वसूली के मामले में जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं। इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी अमानीगंज सूर्य प्रकाश मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User