छात्रा बनी एक दिन की कोतवाल:उन्नति गुप्ता ने संभाली रुद्रपुर कोतवाली की कमान, सुनी फरियादियों की समस्याएं
देवरिया में मिशन शक्ति अभियान 6.0 और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शुक्रवार को एलबीआर स्कूल, जोत खजुहा की मेधावी छात्रा उन्नति गुप्ता को एक दिन के लिए कोतवाली रुद्रपुर का प्रभारी (एसएचओ) बनाया गया। प्रभारी की कुर्सी संभालने के बाद उन्नति ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और लिखित शिकायतों का अवलोकन किया। नगर के बरई टोला वार्ड निवासी मनोज कुमार गुप्ता की बेटी उन्नति ने थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्नति ने महिला सुरक्षा से जुड़े अभिलेखों की जानकारी ली। साथ ही स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार करने पर जोर दिया। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाना है। स्कूल प्रबंधक मनोज यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली समझने का अवसर देते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)