ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार:32 मोबाइल, 46 सिम; लैपटॉप, यूके के सिम कार्ड और एटीएम कार्ड जब्त

Oct 16, 2026 - 15:39
0
ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार:32 मोबाइल, 46 सिम; लैपटॉप, यूके के सिम कार्ड और एटीएम कार्ड जब्त
प्रतापगढ़ पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 32 मोबाइल फोन, 46 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, बैंक पासबुक, पर्चियां, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। लखनऊ में छापा मारकर पांच आरोपियों को पकड़ा पुलिस ने डिजिटल सबूतों और लोकेशन के आधार पर लखनऊ के चिनहट इलाके में मल्हार रेलवे स्टेशन रोड के पास छापा मारा। यहां से ऑनलाइन सट्टेबाजी और फर्जी बैंक खातों के जरिए अवैध लेनदेन करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जबलपुर निवासी प्रीतम समतानी (23), सूरत निवासी चौधरी निशांत हर्षद भाई (30), मध्य प्रदेश निवासी साकेत सावलानी और शिनचेन (20) तथा रीवा निवासी शुभम वाधवानी उर्फ मुन्ना भैया (19) शामिल हैं। गरीब लोगों के नाम पर खुलवाते थे खाते और सिम पुलिस के मुताबिक, गिरोह गरीब लोगों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाता था। भारतीय और यूके के सिम कार्ड का इस्तेमाल कर कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी वेबसाइटें संचालित की जाती थीं। सट्टेबाजी से मिलने वाला पैसा इन बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इससे लेनदेन करने वाले मुख्य आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक दस्तावेजों की जांच जारी गिरोह पर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने का भी आरोप है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, बैंक दस्तावेजों और एटीएम कार्डों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों और पैसों के लेनदेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User