छात्रा की मौत के मामले में कोचिंग संचालक गिरफ्तार:सीतापुर में एक हफ्ते बाद पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल

Oct 16, 2026 - 07:22
0
छात्रा की मौत के मामले में कोचिंग संचालक गिरफ्तार:सीतापुर में एक हफ्ते बाद पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल
सीतापुर में थाना रामकोट क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व बीएससी की 21 वर्षीय छात्रा अंजली की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे कोचिंग संचालक को पुलिस ने गुरुवार शाम गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी की पहचान रंजीत प्रजापति पुत्र शिव सहाय प्रजापति, निवासी परसेहरा, थाना रामकोट के रूप में हुई है। आरोपी दोनों पैरों से दिव्यांग है। छात्रा के परिजनों ने उस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, विष्णु वर्मा उर्फ लालू की बेटी अंजली बीएससी की छात्रा थी। गुरुवार सुबह वह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंजली का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों ने कोचिंग संचालक रंजीत प्रजापति पर छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। छात्रा ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की और कथित प्रताड़ना का घटना से क्या संबंध था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User