छात्राओं को किया जागरूक:कानूनी अधिकार, निशुल्क विधिक सहायता और गुड टच-बैड टच के बारे में बताया
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आसपुर देवसरा में मंगलवार को पॉक्सो एक्ट-2012 पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को यौन अपराधों से संरक्षण, कानूनी अधिकार और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांभवी द्वितीय ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण, छेड़छाड़ और अश्लीलता से सुरक्षा देने के लिए पॉक्सो एक्ट बनाया गया है। उन्होंने गुड टच-बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा और घटना होने पर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना देने की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि "डरना नहीं, चुप नहीं रहना, तुरंत बताना है।" राम प्रकाश पांडे ने विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्य बताए। पैनल अधिवक्ता इंद्र प्रसाद तिवारी ने निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी, जबकि कुसुम ने आवेदन प्रक्रिया समझाई। एडिशनल सीएमओ डॉ. वंदना जायसवाल ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और टीकाकरण के महत्व पर जागरूक किया। डॉ. संतोष यादव ने भी जानकारी दी। प्रधानाचार्या डॉ. आम्रपाली द्विवेदी ने आभार जताया। संचालन पीएलवी मुनीन्द्र प्रताप भारती ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)