छोटी देवकाली से 10 अक्टूबर को निकलेगी कलश यात्रा:तैयारियों को लेकर शक्ति वाहिनी ने की बैठक,सरयू तट से आरंभ होगी
अयोध्या केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति अयोध्या मंडल की शक्ति वाहिनी की बैठक छोटी देवकाली मंदिर परिसर में हुई। शक्ति वाहिनी प्रमुख बिंदु सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि नवरात्र के अवसर पर 10 अक्टूबर को परंपरागत कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 2:30 बजे लता मंगेशकर चौराहे के सामने स्थित संत तुलसीदास घाट से शुरू होगी।शक्ति वाहिनी प्रमुख बिंदु सिंह ने बताया कि इस वर्ष कलश यात्रा का 26वां आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा में निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन किया जाएगा ।समिति के संयोजक महंत धनुषधारी शुक्ला ने बताया कि पिछले वर्ष अयोध्या नगर क्षेत्र में करीब 67 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन हुआ था। इस वर्ष भी लगभग इतनी ही समितियां अपने निर्धारित स्थलों पर मानकों के अनुरूप आयोजन करेंगी। समिति अध्यक्ष रमापति पांडेय ने कहा कि इस बार नगर निगम और प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं। हालांकि केंद्रीय समिति सभी दुर्गा पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है।समिति के प्रवक्ता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कलश यात्रा मां सरयू के तट पर वरुण आवाहन के साथ शुरू होगी। यात्रा नया घाट से श्रृंगार घाट होते हुए हनुमानजी के द्वार पहुंचेगी। इसके बाद छोटी देवकाली मंदिर में पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण होगा। महिलाएं कलश लेकर अपने घरों में स्थापित कर विधि-विधान से मां की पूजा करेंगी। बैठक में पार्वती कौशल, नीलम श्रीवास्तव, प्रभावती, अनीता मिश्रा, मिंटू तिवारी, यशोदा देवी, गरिमा आचार्य, शीला, सुशीला समेत दर्जनों महिलाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)