छत गिरने से ढाई साल की बच्ची की मौत:बुलंदशहर में मकान की मरम्मत के दौरान हादसा, मलबे में दबकर 3 घायल
बुलंदशहर में सदर तहसील क्षेत्र के एत्माद सराय गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे मकान की मरम्मत के दौरान छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। मलबे की चपेट में आने से ढाई साल की बच्ची कीर्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरम्मत के दौरान अचानक गिरा छत का हिस्सा एत्माद सराय निवासी गौरव के मकान में गुरुवार को मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान छत का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। भारी मलबे की चपेट में गौरव की ढाई साल की बेटी कीर्ति आ गई। हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्ची और घायलों को बाहर निकाला। कीर्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों का अस्पताल में इलाज हादसे में घायल परिवार के तीन सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी हादसे की सूचना मिलते ही एडीएम नीतीश कुमार सिंह और एसडीएम अंगद यादव पुलिस व तहसील प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिवार से हादसे की जानकारी ली। एडीएम नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)