छूटे मतदाताओं के पंजीकरण का चलेगा विशेष अभियान:CEO ने राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा, युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों के नाम जुड़ेंगे

Oct 07, 2026 - 20:30
0
छूटे मतदाताओं के पंजीकरण का चलेगा विशेष अभियान:CEO ने राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा, युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों के नाम जुड़ेंगे
एसआईआर के बाद मतदाता सूची से छूट गए और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने भारत निर्वाचन आयोग से इसके लिए अनुरोध किया गया है। इस संबंध में बुधवार को नवदीप रिणवा ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने दलों से सुझाव और सक्रिय सहयोग मांगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उन राज्यों में अभियान की रूपरेखा पर चर्चा हुई, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता पंजीकरण सतत प्रक्रिया है। अभियान का मकसद उन पात्र नागरिकों की पहचान करना है, जिनका नाम अभी सूची में नहीं जुड़ पाया है। ऐसे नागरिक किसी भी समय आवेदन कर सकते हैं। बूथ लेवल अधिकारी 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना SIR से पहले 7 जनवरी 2025 की अंतिम सूची और पूरक सूचियों से करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम पुरानी सूची में थे लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी उनके घर जाकर मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे। घर-घर भ्रमण के दौरान छूटे, पहली बार और युवा पात्र मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। चिह्नित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। बूथ स्तर पर बनी सूची निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी देंगे, ताकि छूटे नाम जोड़ने का अतिरिक्त अवसर मिले। बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगेंगे। रात्रि आश्रयों, लेबर कॉलोनियों, बेघर और मुख्यधारा से अलग लोगों के लिए अलग से कैंप होंगे। जनपदों में शिक्षण संस्थानों, जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों और प्रेस ब्रीफिंग के जरिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। बैठक में बताया गया कि SIR-2026 के गणना चरण में हर बूथ लेवल अधिकारी ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां तैयार की थीं। इन्हें स्थानीय निकायों, पंचायत भवनों, कार्यालयों के नोटिस बोर्ड और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर लगाया गया था। सूचियां दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की गई थीं। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को आलेख मतदाता सूची प्रकाशित हुई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम सूची जारी की गई। प्रदेश में SIR-2026 सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने का अनुरोध भारत निर्वाचन आयोग से किया गया है। बैठक में समाजवादी पार्टी, अपना दल (एस), भाकपा (माले), बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User