रामकेश जीवनपूरिया ने हरियाणवी लोकगीतों से बांधा समां:प्रयागराज में त्रिवेणी कला उत्सव का समापन, श्रोता जमकर झूमे

Oct 07, 2026 - 20:30
0
रामकेश जीवनपूरिया ने हरियाणवी लोकगीतों से बांधा समां:प्रयागराज में त्रिवेणी कला उत्सव का समापन, श्रोता जमकर झूमे
प्रयागराज उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में बुधवार को हरियाणवी लोकगीतों की धूम रही। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र और हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे त्रिवेणी कला उत्सव का तीसरे दिन हरियाणवी लोकगायक रामकेश जीवनपूरिया की प्रस्तुति के साथ समापन हुआ। लोकगायक ने अपने देसी अंदाज और दमदार आवाज से ऐसा समां बांधा कि दर्शक तालियां बजाने के साथ गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. पंडित साहित्य कुमार नाहर, सेवानिवृत्त कुलपति, राजा मानसिंह संगीत विश्वविद्यालय, ग्वालियर, हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी, केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा और कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद रामकेश जीवनपूरिया ने हरियाणवी लोकगीतों की प्रस्तुति शुरू की। उन्होंने ‘तेरे बिना स्वामी मेरा ना सहारा’, ‘जमाना रंग बदलता है’, ‘पहले आली हवा रही ना’ और ‘हंसना भी जरूरी हुआ करै’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। गीतों के जरिए बदलते समय, रिश्तों और हरियाणवी जीवनशैली की झलक देखने को मिली। ‘जमाना रंग बदलता है, जैसे रोज सुबह को चढ़ के सूरज शाम को ढलता है’ जैसे भावपूर्ण गीतों ने श्रोताओं को भावुक किया, वहीं ‘हंसना भी जरूरी हुआ करै’ ने माहौल में उमंग भर दी। कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण ‘हट जा ताऊ पाछै नै, नाचण दे जी भर कै नै’ रहा। इस गीत पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा और दर्शक जमकर झूमे। रामकेश जीवनपूरिया के साथ जयपाल ने बैंजो, सुमित और बलराम ने कोरस और अमित ने ढोलक पर संगत की। वाद्ययंत्रों की संगत और लोकगायक की ऊर्जावान प्रस्तुति ने हरियाणवी लोकसंगीत की पारंपरिक मिठास को मंच पर जीवंत कर दिया। महेश जोशी को मिला हरियाणा गौरव सम्मान कार्यक्रम के दौरान केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा ने हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी को ‘हरियाणा गौरव सम्मान’ प्रदान किया। इसके अलावा हरियाणवी कलाकारों को पौधे और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कलाकारों के सम्मान के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन आकाश अग्रवाल ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User