चिकन मार्केट में पुलिस की सख्ती:इंस्पेक्टर ने 11 बजे तक दुकान बंद करने को कहा, ASP बोले- तय समय का आदेश नहीं

Oct 01, 2026 - 21:17
0
चिकन मार्केट में पुलिस की सख्ती:इंस्पेक्टर ने 11 बजे तक दुकान बंद करने को कहा, ASP बोले- तय समय का आदेश नहीं
मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात मीनाक्षी चौक की चिकन मार्केट में पुलिस की सख्ती का वीडियो सामने आया है। खालापार इंस्पेक्टर विजय कुमार पुलिस फोर्स के साथ मार्केट पहुंचे। वीडियो में वह दुकानदारों से रात 10:50 बजे लाइट बंद करने और 11 बजे तक ग्राहकों को दुकान से बाहर करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई से मार्केट में हड़कंप मच गया। वीडियो में पुलिसकर्मियों द्वारा दुकानों के बाहर रखा सामान लात से हटाते हुए भी दिखाई दे रहा है। देर रात तक खुलती हैं कई दुकानें मीनाक्षी चौक की यह मार्केट देर रात तक गुलजार रहती है। यहां चिकन की ज्यादातर दुकानें शाम के समय खुलती हैं और देर रात तक चलती हैं। कुछ दुकानें रातभर खुलने के बाद सुबह बंद होती हैं। ऐसे में रात 11 बजे तक दुकानें बंद करने की बात दुकानदारों के लिए बड़ा बदलाव मानी जा रही है। मारपीट के बाद पुलिस ने बढ़ाई सख्ती मार्केट में पिछले कुछ समय से विवाद होने की बात सामने आती रही है। दो दिन पहले इसी मार्केट में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट भी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने देर रात मार्केट पहुंचकर दुकानदारों को समय से दुकानें बंद करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। ASP बोले- 10:50 और 11 बजे का कोई आदेश नहीं गुरुवार शाम करीब 6 बजे एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि दुकानों को 10:50 बजे लाइट बंद करने या 11 बजे तक बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से दुकानदारों और मार्केट कमेटी से सहयोग की अपील की जा रही है। अतिक्रमण और विवाद रोकने की कोशिश एएसपी ने बताया कि मार्केट कमेटी पुलिस के लगातार संपर्क में रहती है। पुलिस का प्रयास है कि मार्केट में अतिक्रमण की स्थिति न बने, लड़ाई-झगड़े की संभावना कम हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे। दुकानों के समय को लेकर भी मार्केट कमेटी और स्थानीय लोगों की सहमति से ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी न हो। वीडियो में चेतावनी का अलग अंदाज हालांकि, सामने आए वीडियो में खालापार इंस्पेक्टर दुकानदारों से 10:50 बजे लाइट बंद करने और 11 बजे तक ग्राहकों को बाहर करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से बताई गई ‘अपील’ और मौके पर दी गई चेतावनी के अंदाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानदारों और मार्केट कमेटी के साथ सहमति से समय तय करने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User