चित्रकला और रूप सज्जा प्रतियोगिता:बच्चों ने दर्शकों का मन मोहा; आरती, गरबा और डांडिया में उमड़े श्रद्धालु
कन्नौज के एसबीएस (SBS) इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सजे 'सन्मार्ग' पंडाल में शुक्रवार को बच्चों की प्रतिभा और गहरी भक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिला। शारदीय नवरात्र के पावन आयोजनों की कड़ी में यहां आयोजित चित्रकला और रूप सज्जा प्रतियोगिता ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन में नगर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों और अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में एक से बढ़कर एक बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ दिखाई दी। प्रतियोगिता के दौरान विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की मातृशक्ति जिला संयोजिका गुंजन भदौरिया ने मुख्य रूप से निर्णायिका (जज) की भूमिका निभाई और बच्चों की इन मनमोहक प्रस्तुतियों का गंभीरता से आकलन किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में, शाम ढलते ही पंडाल का पूरा माहौल एकदम भक्तिमय हो गया। आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता रानी का भव्य पूजन संपन्न कराया। इसके पश्चात, देर शाम गरबा और डांडिया करने के लिए मातृशक्ति और श्रद्धालुओं का विशाल हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे पूरा परिसर माता रानी के जयकारों और उत्सव के उल्लास से सराबोर हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)