चित्रकूट में दीपावली-अमावस्या मेले की तैयारियां तेज:अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया, समय पर काम पूरा करने के निर्देश
चित्रकूट में दीपावली और अमावस्या मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी डॉ. कंचन ने मंगलवार सुबह अधिशासी अधिकारी राज किशोर प्रसाद और अन्य अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र व कामतानाथ परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। अपर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। डॉ. कंचन ने यूपीपीसीएल, पर्यटन विभाग, पुलिस और नगर निकाय के अधिकारियों को बिजली, पानी, सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और जरूरत के अनुसार तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को पॉलिथीन पर रोक लगाने के साथ मेला क्षेत्र की नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। 200 झरियों में से 150 बंद, बाकी भी जल्द बंद होंगी कामतानाथ परिक्रमा मार्ग में नालों की 200 झरियों में से 150 झरियों को पर्यटन विभाग ने बंद कर दिया है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बाकी झरियों को भी जल्द बंद करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। परिक्रमा मार्ग में सफाई व्यवस्था निरीक्षण के दौरान ठीक मिली। हालांकि, अपर जिलाधिकारी ने इसमें और सुधार करने तथा मेला शुरू होने तक सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता डॉ. कंचन ने कहा कि दीपावली और अमावस्या मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में किसी भी जरूरी व्यवस्था में लापरवाही न हो और सभी काम समय से पूरे किए जाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)