चित्रकूट में तेज बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता:शुक्रवार सुबह 9 बजे से भारी बारिश, मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका; पुलिस अलर्ट
चित्रकूट में शुक्रवार सुबह 9 बजे से भारी बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश लगातार जारी रही, तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। इससे खासकर अरहर, ज्वार और बाजरा की फसल पर असर पड़ने की आशंका है। किसान हरदेव प्रसाद शुक्ल ने बताया कि इस समय खेतों में अरहर, ज्वार और बाजरा की फसल खड़ी है। लगातार या तेज बारिश होने से खेतों में पानी भर सकता है, जिससे फसल खराब होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मौसम पहले से ही बदल रहा है। ऐसे में अब तेज बारिश फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। चित्रकूट में बारिश के साथ ही मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मध्यप्रदेश के जंगल वाले इलाके में तेज बारिश होने पर मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में नदी का जलस्तर एक बार फिर करीब एक मीटर तक बढ़ने की बात सामने आई है। इससे नदी किनारे रहने वाले लोग और दुकानदार चिंतित हैं। मंदाकिनी नदी के किनारे सीतापुर इलाके में पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी है। सीतापुर चौकी प्रभारी यदुवीर सिंह ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। जलस्तर बढ़ना शुरू होते ही स्थानीय लोगों और नदी किनारे के दुकानदारों को लाउडस्पीकर से सूचना देकर अलर्ट किया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन और पुलिस की नजर मध्यप्रदेश के जंगल इलाके में होने वाली बारिश पर भी बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)