चंदौली की अंजू महिला सशक्तिकरण को दे रहीं बढ़ावा:कई बाल विवाह रुकवाए, स्वयं सहायता समूह से जोड़कर बना रहीं सशक्त
चंदौली जिले के सदर ब्लॉक के केशवपुर गांव निवासी अंजू पांडेय पिछले दस वर्षों से ग्रामीण अंचलों में महिलाओं और किशोरियों के लिए लगातार काम कर रही हैं। गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण और उनके हक-अधिकार के प्रति जागरूकता फैलाना उनके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उनका मानना है कि गरीब महिलाओं को आत्मसम्मान, पहचान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की ताकत देकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। अंजू पांडेय ने बताया कि उनका उद्देश्य गरीब महिलाओं को संगठित करना, उन्हें आर्थिक और सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। इसके साथ ही सामाजिक समस्याओं के समाधान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी उनके अभियान का हिस्सा है। वह स्वास्थ्य, पोषण, बालिका सुरक्षा, शिक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी जैसे मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाने के साथ उनकी रोकथाम के लिए भी काम करती हैं। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। अंजू ने बताया कि वह महिलाओं और किशोरियों को मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देती हैं, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें। अपने सामाजिक कार्यों के बारे में अंजू पांडेय ने बताया कि शुरुआत से ही लोगों के बीच जाकर उनकी मदद करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में उनकी रुचि रही है। इसी उद्देश्य के साथ वह चंदौली जिले में एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लगातार काम कर रही हैं। उनके प्रयास से कई बालिकाओं का बाल विवाह रुक चुका है। इसके अलावा उन्होंने गरीब महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना उनके अभियान का प्रमुख हिस्सा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)