चोरी के शक में 10 साल की बच्ची से बर्बरता:कमरे में बंद करके पीटा, आरोपी बोली- ले जाओ अपनी बेटी, वरना गायब करवा दूंगी

Oct 04, 2026 - 18:53
0
चोरी के शक में 10 साल की बच्ची से बर्बरता:कमरे में बंद करके पीटा, आरोपी बोली- ले जाओ अपनी बेटी, वरना गायब करवा दूंगी
कानपुर के चकेरी में चोरी के शक ने 10 साल की कक्षा पांच की छात्रा को ऐसा डर दिया कि अब वह घर से बाहर निकलने तक से सहम रही है। कोयला नगर चौकी क्षेत्र में आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाली एक किशोरी छात्रा को अपने घर बुलाकर ले गई। इसके बाद चोरी का आरोप लगाकर उसे कमरे में बंद कर किशोरी, उसकी मौसी, मकान मालकिन और एक अज्ञात महिला ने बर्बरता की। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उसकी मां ने शाम 5:15 बजे आपबीती बताई। पीड़िता के मजदूर पिता ने बताया कि 30 सितंबर को उनकी 10 वर्षीय बेटी परीक्षा देकर घर लौटी थी। उन्हें लगा कि वह स्कूल से आने के बाद सहेलियों के साथ खेलने गई होगी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाली 11 वर्षीय किशोरी उसे अपने घर बुलाकर ले गई। आरोप है कि वहां बच्ची पर चोरी का आरोप लगाकर उसे कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ बर्बरता की गई। बेरहमी से पीटाई के बाद उनकी बेटी के शरीर में कई जगह चोट के निशान बन गए। इंस्टाग्राम पर कॉल आई.. आरोपी बोली बेटी को ले जाओ पीड़िता की मां ने बताया कि दोपहर में उनके इंस्टाग्राम पर कॉल आई। फोन पर बेटी को वहां से ले जाने के लिए कहा गया। जब वह आरोपियों के घर पहुंचीं तो बेटी डरी-सहमी हालत में बैठी मिली। वह उसे लेकर घर आ गईं। करीब 15 मिनट बाद बच्ची ने रोते हुए अपनी 16 वर्षीय बहन को पूरी घटना बताई। मां को जानकारी हुई तो वह आरोपियों के घर विरोध करने पहुंचीं। आरोप है कि वहां उन्हें भी जान से मारने और बेटी को गायब करने की धमकी दी गई। रात में रोती है मासूम, घर से निकलने में भी डर घटना के बाद से बच्ची के मन में डर बैठ गया है। मां के मुताबिक, रात में वह रोने लगती है और घटना को याद कर सहम जाती है। घर से बाहर निकलने में भी डर रही है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ की गई मारपीट और बंधक बनाने की घटना ने उसे मानसिक रूप से झकझोर दिया है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User