चुनाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, DM ने अधिकारियों को चेताया:मऊ में MLC चुनाव के लिए मजिस्ट्रेट-पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश
मऊ में MLC चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस लाइन में सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए जारी दिशा-निर्देशों से सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को उनके दायित्वों और कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता के साथ काम करें और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचते के लिए निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया जाए। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने स्पष्ट किया कि MLC चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। ब्रीफिंग के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों से निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)