CM ग्रिड काम की सुस्त रफ्तार पर नगर आयुक्त सख्त:ठेकेदार को लगाई फटकार, दोनों शिफ्टों में होगा काम, बारादेवी मंदिर का किया निरीक्षण
कानपुर में सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य में देरी और जगह-जगह अधूरे काम को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को नाराजगी जताई। उन्होंने दीप सिनेमा तिराहे से बारादेवी होते हुए सोटे वाले बाबा मंदिर तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर दो शिफ्टों में काम कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि काम में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दीपावली से पहले सड़क निर्माण पूरा करना होगा। नगर आयुक्त बोले- सीएम ग्रिड का काम तय समय में पूरा हो नगर आयुक्त ने सबसे पहले दीप सिनेमा तिराहे का निरीक्षण किया। यहां सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के साथ फुटपाथ और पार्किंग का काम भी साथ-साथ पूरा कराने को कहा गया। उन्होंने काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मशीनरी और मजदूर लगाने के निर्देश भी दिए। इसके बाद बारादेवी दक्षिण द्वार के पास निरीक्षण के दौरान व्हाइट टॉपिंग और रैंप निर्माण का काम चलता मिला। नगर आयुक्त ने ठेकेदार को दो नौ मीटर और दो साढ़े चार मीटर के पेवर दो दिन के अंदर मंगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध होने पर काम दो शिफ्टों में कराया जाए, ताकि सीएम ग्रिड के फेज-2 का काम तय समय में पूरा हो सके। नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था एसएस इंफ्रा को निर्देश दिया कि नौ और 4.5 मीटर के पेवर का इस्तेमाल बढ़ाकर काम तेजी से कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क निर्माण में देरी की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था के साथ संबंधित जोनल अभियंता की भी तय की जाएगी। पांडेय नगर में जलभराव रोकने के निर्देश निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-6 के सर्वोदय नगर वार्ड-64 का भी जायजा लिया। मॉडल टाउन की सड़क पर दोनों ओर फुटपाथ क्षतिग्रस्त मिलने पर उसे दुरुस्त कराने और गड्ढों में पैचवर्क कराने के निर्देश दिए गए। पांडेय नगर एच-2 में एक भवन का निर्माण फुटपाथ की सीमा से बाहर किए जाने के कारण नालियां बाधित मिलीं। नगर आयुक्त ने सीएंडडी वेस्ट हटाने के साथ भवन स्वामी से करीब 50 हजार रुपए की वसूली के निर्देश दिए। फुटपाथ और नाली से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। पांडेय नगर पुलिया के पास भी नालियां अवरुद्ध मिलीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नालियों पर बनाए गए रैंप के कारण मिट्टी भर गई है और बारिश में जलभराव होता है। नगर आयुक्त ने क्रॉस नाली को पक्का कराने और पांडेय नगर से जेके मंदिर तक नाली को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर जल निकासी में बाधा बन रहे रैंप तोड़ने को भी कहा। फंड ऑफिस तिराहे से हटेंगे निष्प्रयोज्य वाहन निरीक्षण के दौरान फंड ऑफिस तिराहे से काकादेव थाने तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में निष्प्रयोज्य वाहन और सीएंडडी वेस्ट मिला। नगर आयुक्त ने दो दिन में सभी बेकार वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। संबंधित लोगों को नोटिस देने और दोबारा वाहन खड़े मिलने पर एफआईआर कराने की चेतावनी दी गई। बारादेवी मंदिर में 24 घंटे सफाई व्यवस्था नवरात्र के मद्देनजर नगर आयुक्त ने बारादेवी मंदिर का भी निरीक्षण किया। मंदिर परिसर के आसपास चोक पॉइंट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। नवरात्र के दौरान मंदिर में 24 घंटे सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और ड्यूटी लिस्ट समेत कर्मचारियों के मोबाइल नंबर मंदिर प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया। मेला समाप्त होने के बाद मंदिर परिसर के चारों ओर कोटा स्टोन से फर्श बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा ग्वालटोली के फूल वाली पार्क का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल, खराब लाइट, सबमर्सिबल, गेट, इंटरलॉकिंग, बेंच और झूले ठीक कराने के निर्देश दिए गए। पार्क की सफाई कराने के साथ ओपन जिम विकसित करने और बाउंड्रीवाल की पेंटिंग कराने को भी कहा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)