CMS को जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर भरोसा नहीं:सीतापुर में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, शिकायत पर पहुंचे थे
सीतापुर जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे अचानक पहुंचे कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री एक मरीज का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी समेत अन्य व्यवस्थाएं देखीं और मरीजों व तीमारदारों से बातचीत की। अस्पताल में अव्यवस्थाएं मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। कारागार मंत्री ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चार-पांच बाहरी लोग काम कर रहे थे, जो मरीजों से पैसे वसूलने के साथ दवाइयां देने और इंजेक्शन लगाने का काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन लोगों के बारे में पूछताछ करने पर अस्पताल में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। मंत्री के अस्पताल पहुंचते ही कुछ लोग वहां से चले गए। मंत्री ने उनके वीडियो भी बनवाए जाने की बात कही। सुरेश राही ने कहा कि इन दिनों बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। उनके सामने करीब 50 बुखार से पीड़ित मरीज आए। इसके बावजूद रात में पर्याप्त डॉक्टर और फार्मासिस्ट उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में दो-तीन डॉक्टर और तीन-चार फार्मासिस्ट की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए थी।
सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह के लखनऊ में इलाज कराने को लेकर भी मंत्री ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सीएमएस की तबीयत खराब है और वह लखनऊ में भर्ती हैं। राही ने कहा कि उन्हें जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर पूरा भरोसा है और वह खुद इलाज के लिए यहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि जब मरीजों का इलाज करने वाले अस्पताल के सीएमएस को अपने डॉक्टरों पर भरोसा नहीं है और वह अपना इलाज लखनऊ में करा रहे हैं तो इस स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मंत्री ने मरीजों को लगातार लखनऊ रेफर किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल का लोड कम करने के लिए मरीजों को रेफर किया जा रहा था। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत बताई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)