डॉक्टर की मोहर-फर्जी हस्ताक्षर से बनाए सर्टिफिकेट, FIR:अलीगढ़ में निजी क्लीनिक संचालक डॉक्टर के नाम पर प्रिस्क्रिप्शन पैड का इस्तेमाल, दवाएं तक लिखने का आरोप

Oct 11, 2026 - 19:16
0
डॉक्टर की मोहर-फर्जी हस्ताक्षर से बनाए सर्टिफिकेट, FIR:अलीगढ़ में निजी क्लीनिक संचालक डॉक्टर के नाम पर प्रिस्क्रिप्शन पैड का इस्तेमाल, दवाएं तक लिखने का आरोप
डॉक्टर की डिग्री के बिना दूसरे चिकित्सक के नाम, मोहर और कथित फर्जी हस्ताक्षर के सहारे मरीजों को दवाएं लिखने और फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का मामला सामने आया है। किशनपुर तिराहे के निजी क्लीनिक के संचालक डॉ. अमित सिंह ने दोदपुर निवासी जावेद अख्तर रिजवी पर उनके नाम का फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पैड इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। डॉक्टर की शिकायत के मुताबिक, इस फर्जीवाड़े की जानकारी 29 सितंबर को क्लीनिक पहुंचे एक व्यक्ति के जरिए मिली। मामले में क्वार्सी थाने में धोखाधड़ी और दस्तावेजों की जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। क्लीनिक पहुंचे व्यक्ति से मिली जानकारी हाथरस के फरौली गांव निवासी डॉ. अमित सिंह ने 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंजीकृत चिकित्सक हैं और वर्तमान में किशनपुर तिराहे पर प्रैक्टिस करते हैं। आरोप है कि कोई व्यक्ति उनके नाम, चिकित्सकीय योग्यता, मोहर, हस्ताक्षर और क्लीनिक के प्रिस्क्रिप्शन पैड का फर्जी इस्तेमाल कर रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को मुंबई निवासी चंद्रशेखर जयराम पजमची उनके क्लीनिक पहुंचे थे। उनके पास डॉक्टर के नाम की मोहर लगे प्रिस्क्रिप्शन पैड मिले। उन्होंने बताया कि जावेद अख्तर नाम का व्यक्ति कथित तौर पर डॉ. अमित सिंह के नाम से फर्जी पर्चों पर हस्ताक्षर और नकली मोहर लगाकर मरीजों को दवाएं लिख रहा है। शिकायतकर्ता ने इसी आधार पर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग की भी आशंका डॉ. अमित सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि जावेद अख्तर रिजवी के पास वैध मेडिकल डिग्री नहीं है और वह उनके नाम का सहारा लेकर लोगों के स्वास्थ्य को जोखिम में डाल रहा है। डॉक्टर ने आशंका जताई कि फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए प्रतिबंधित या नशीली दवाओं का दुरुपयोग भी हो सकता है। इससे उनके नाम और पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने के साथ किसी गलत गतिविधि की जिम्मेदारी भी उन पर आ सकती है। शिकायत के साथ कथित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पैड की छायाप्रति, आरोपी के आधार कार्ड की छायाप्रति और डॉक्टर के अपने आधार कार्ड की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में कार्रवाई शिकायत में नामजद आरोपी जावेद अख्तर रिजवी पुत्र मंजूर आलम रिजवी का पता 4/18, पान वाली कोठी, दोदपुर मार्ग, कोल, अलीगढ़ बताया गया है। पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस कथित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पैड, मोहर और हस्ताक्षरों की जांच के साथ यह पता लगाएगी कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां और किन परिस्थितियों में किया गया। मरीजों को दवाएं लिखने तथा फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के आरोपों की भी जांच की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User