दानपात्र से रुपये निकालने के आरोप पर विवाद, VIDEO:मैनपुरी में महिला ने पति समेत कई लोगों से मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग
मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में मंदिर के दानपात्र से रुपये निकालने के आरोप के बाद हुई मारपीट का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। वीडियो में कुछ महिला और पुरुष आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों के हाथ में डंडे भी नजर आ रहे हैं। मायाचंद्रपुर गांव निवासी निर्मला देवी पत्नी महेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के हनुमान मंदिर में दानपात्र रखा हुआ था। आरोप है कि 1 अक्टूबर को दानपात्र तोड़कर उसमें रखे करीब तीन हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। बाद में जानकारी करने पर मायाचंद्रपुर निवासी अभिषेक पुत्र विजयपाल पर दानपात्र तोड़कर रुपये निकालने का आरोप लगाया गया।
निर्मला देवी के मुताबिक, 2 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे उनके पति महेश चंद्र, ग्राम प्रधान और अन्य लोग अभिषेक से रुपये वापस मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि अभिषेक के साथ रामबाबू और ज्ञानचंद पुत्रगण रामसनेही, रोशन पुत्र रामबाबू और पुष्पेंद्र पुत्र ज्ञानचंद ने गाली-गलौज करते हुए महेश चंद्र के साथ हाथ, डंडे और दरांती से मारपीट की। आरोप है कि महेश चंद्र के साथ मारपीट होते देखकर शिवकुमार, हरदीप, रमन और सत्यम बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर घायलों को बचाया। इसके बाद निर्मला देवी अपने पति के साथ थाना भोगांव पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। अब घटना के तीन दिन बाद सोमवार को मारपीट का वीडियो सामने आने से मामला फिर चर्चा में है। पुलिस तहरीर और वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)