डांट से नाराज युवक ने मां दुर्गा की प्रतिमा तोड़ी:जौनपुर के अतरौरा में ग्रामीणों ने की पिटाई, विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कराया विसर्जन

Oct 19, 2026 - 16:25
0
डांट से नाराज युवक ने मां दुर्गा की प्रतिमा तोड़ी:जौनपुर के अतरौरा में ग्रामीणों ने की पिटाई, विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कराया विसर्जन
जौनपुर के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव में रविवार रात 9 बजे मन्नत के लिए स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित किए जाने से तनाव फैल गया। आरोप है कि परिजनों की डांट और थप्पड़ से नाराज एक युवक ने प्रतिमा तोड़ दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभाली। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बिना हवन-पूजन के ही प्रतिमा को पास की नहर में विसर्जित करा दिया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई है। बहन की मन्नत पूरी होने पर स्थापित की थी प्रतिमा जानकारी के अनुसार, गांव के संजीत कुमार गौतम ने अपनी बहन की मन्नत पूरी होने पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की थी। प्रतिमा स्थापित होने के बाद परिवार के लोग पूजा-अर्चना कर रहे थे। रविवार रात प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना सामने आने के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी फैल गई। परिजनों की डांट से नाराज होने का आरोप आरोप है कि रविवार रात रवि गौतम शराब के नशे में प्रतिमा देखने पहुंचा था। इसी दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर परिजनों ने उसे डांटा और थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर रवि ने कथित तौर पर मां दुर्गा की प्रतिमा तोड़ दी। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रतिमा टूटने पर ग्रामीणों ने की पिटाई प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना से नाराज लोगों ने रवि की पिटाई कर दी। गांव में विवाद बढ़ने की आशंका के बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सराय ख्वाजा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। बिना हवन-पूजन के नहर में कराया विसर्जन मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। तनाव और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रतिमा का विधि-विधान से हवन-पूजन कराए बिना ही पास की नहर में विसर्जन करा दिया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाया और शांति बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद गांव में पुलिस की तैनाती की गई है। दोनों पक्षों को थाने ले गई पुलिस पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। परिवार के लोगों का आरोप है कि रवि अक्सर मारपीट करता है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा विवाद न बढ़े। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया- मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रतिमा का विसर्जन करा दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User