देर रात जर्जर सड़क और सफाई का निरीक्षण:DM कानपुर बोले- पोर्टहोल मशीन से छोटे गड्ढे ही भरें, बड़े हिस्सों में कराई जाए कारपेटिंग

Oct 04, 2026 - 07:43
0
देर रात जर्जर सड़क और सफाई का निरीक्षण:DM कानपुर बोले- पोर्टहोल मशीन से छोटे गड्ढे ही भरें, बड़े हिस्सों में कराई जाए कारपेटिंग
कानपुर में शनिवार देर रात जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने शहर में चल रहे रात्रि में सड़क मरम्मत कार्यों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंडलायुक्त आवास के पास पोर्टहोल मशीन से हो रहे सड़क मरम्मत कार्य को देखा। इसके बाद स्वरूप नगर के माता स्वरूप रानी मार्ग पर सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण और कंपनी बाग चौराहे के पास विकसित किए जा रहे गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (GVP) का निरीक्षण किया। छोटे गड्ढों में ही इस्तेमाल हो पोर्टहोल मशीन मंडलायुक्त आवास के पास निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोर्टहोल मशीन का इस्तेमाल केवल छोटे और चिन्हित गड्ढों की मरम्मत के लिए किया जाए। जिन सड़कों पर बड़े स्तर पर नुकसान है या जहां कारपेटिंग/लेयरिंग की जरूरत है, वहां इस मशीन से काम न कराया जाए। अधिकारियों को सड़क की तकनीकी जांच कर छोटे और बड़े गड्ढों को अलग-अलग पहचान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क मरम्मत में गुणवत्ता, निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। 560 मीटर सड़क बनी, फुटपाथ का काम बाकी इसके बाद अधिकारियों ने स्वरूप नगर स्थित माता स्वरूप रानी मार्ग पर सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। मौके पर करीब 560 मीटर सड़क का निर्माण पूरा मिला, जबकि दोनों तरफ फुटपाथ का काम अभी चल रहा है। अधिकारियों को सड़क और फुटपाथ समेत बाकी सभी काम तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्य में देरी न हो, इसके लिए पर्याप्त संसाधन और श्रमिक उपलब्ध कराने को कहा गया। नो-एट्री के कारण निर्माण सामग्री पहुंचने में देरी कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि ने अधिकारियों को बताया कि नो-एंट्री व्यवस्था और शहर में जाम के कारण निर्माण सामग्री लेकर आने वाले मालवाहक वाहन समय पर साइट तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल समन्वय करने के निर्देश दिए। कहा गया कि विकास कार्यों के लिए जरूरी सामग्री लेकर आने वाले वाहनों के आवागमन की ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से न रोका जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत साइट तक पहुंचने में परेशानी न हो माता स्वरूप रानी मार्ग के सीएम ग्रिड कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। कंपनी बाग के पास GVP बनेगा कूड़ा संकलन केंद्र निरीक्षण के दौरान कंपनी बाग चौराहे के पास विकसित किए जा रहे गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (GVP) का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने जमीन के स्वामित्व की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जमीन सरकारी है। जिलाधिकारी ने यहां PCTS विकसित कर प्रभावी कूड़ा संकलन और प्रबंधन केंद्र के रूप में इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कम से कम 5 से 10 वार्डों से निकलने वाले कूड़े का यहां संकलन किया जाएगा। इससे मुख्य सड़कों और गलियों में कूड़ा जमा होने की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इसके लिए तत्काल विस्तृत कार्ययोजना बनाने और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए। स्थल को खाली रखने के बजाय तय समय सीमा में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर इसे जल्द उपयोग में लाने को कहा गया। गुणवत्ता और समय सीमा से समझौता नहीं निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सड़क निर्माण, मरम्मत और सफाई व्यवस्था में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण और मॉनीटरिंग करने को कहा गया, ताकि काम निर्धारित मानकों और समय सीमा के अनुसार पूरा हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User