मंगलसूत्र छीनने वाला आरोपी मुठभेड़ में पकड़ा गया:मिर्जापुर में पुलिस ने दौड़ाया तो फायरिंग की, पुलिस ने पैर पर गोली मारकर पकड़ा
मिर्जापुर में कोतवाली देहात पुलिस ने सोमवार की सुबह करीब 5 बजे खड़ंजा फाल के रास्ते चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में छिनैती के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मंगलसूत्र अपाची बाइक बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को कोतवाली देहात की टीम खड़ंजा फाल के रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया, वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।जवाबी फायरिंग में युवक के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम चौहान (23) पुत्र स्वर्गीय कृष्ण मुरारी, निवासी धौरूपुर, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा, कारतूस और पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ। 16 अक्टूबर को महिला के साथ की थी वारदात पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब 7 से 8 बजे आरटीओ कार्यालय से पहले पहाड़ी गांव के पास लालगंज की ओर स्कूटी से जा रही एक महिला के गले से उसने अपने साथी की मदद से मंगलसूत्र और चेन छीनी थी। आरोपी के अनुसार, चेन उसने अपने साथी को दे दी थी, जबकि मंगलसूत्र उसके पास था। पुलिस का कहना है कि इसी मंगलसूत्र को लेकर वह सोमवार को जा रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर और कोतवाली देहात थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी और छिनैती से संबंधित धाराओं के मामले भी शामिल हैं। आरोपी के सहयोगी की भूमिका और छीनी गई चेन के संबंध में भी जांच की जा रही है। टीम में कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, बरकछा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद सिंह और करनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषिदेव शुक्ला सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)