देवरहा बाबा के जीवन पर बनेगी फिल्म ‘मचान बाबा’:2027 में रिलीज की तैयारी, टाइटल पोस्टर जारी किया गया
नीम करौली बाबा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब रहस्यमयी संत देवरहा बाबा के जीवन पर फिल्म बनने जा रही है। फिल्म का नाम ‘मचान बाबा’ रखा गया है। इसका टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है और इसे 2027 में रिलीज़ करने की योजना है। फिल्म में देवरहा बाबा के जीवन, उनकी साधना, आस्था, ऐतिहासिक प्रसंगों और देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े उनके संबंधों को दिखाया जाएगा। फिल्म में देवरिया के मईल क्षेत्र और सरयू नदी के तट पर स्थित बाबुल वन को ख़ास महत्व दिया जाएगा। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, देवरहा बाबा यहाँ मचान बनाकर तपस्या करते थे। क्षेत्र के लोगों के बीच मान्यता है कि बाबा ने यहीं से गौ रक्षा और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। फिल्म में इस क्षेत्र से बाबा के गहरे जुड़ाव को भी दर्शाने की तैयारी है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद से जुड़े प्रसंग भी होंगे शामिल देवरहा बाबा के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के साथ उनके संबंधों का भी उल्लेख मिलता है। विभिन्न विवरणों के मुताबिक, डॉ. राजेंद्र प्रसाद बचपन में बाबा के दर्शन करने पहुंचे थे और बाद के वर्षों में भी उनके प्रति गहरा सम्मान रखते थे। फिल्म में बिहार और झारखंड से जुड़े बाबा के प्रसंगों को भी शामिल किया जाएगा। इन दोनों राज्यों में आज भी बाबा के बड़ी संख्या में अनुयायी बताए जाते हैं। ओजस फिल्म्स के बैनर तले बनेगी फिल्म ‘मचान बाबा’ का निर्माण ओजस फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। यह सॉफ्टवेयर और एआई कंपनी ओजस सॉफ्टेक की फिल्म एवं कंटेंट इकाई है। फिल्म की निर्माता ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता ओबीई और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विक्रम पालीवाल हैं। आस्था, इतिहास और रहस्यों पर रहेगा फोकस फिल्म को केवल चमत्कारों पर केंद्रित रखने के बजाय देवरहा बाबा के जीवन से जुड़े आस्था, इतिहास, राजनीति और रहस्यमयी प्रसंगों को सामने लाने की योजना है। इसमें देवरिया के देवारा क्षेत्र से लेकर बिहार और झारखंड तक बाबा के प्रभाव तथा उनके अनुयायियों से जुड़े पहलुओं को जगह दी जाएगी। फिल्म की घोषणा और टाइटल पोस्टर जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसे लेकर उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)