देवरिया में EO को जबरन ले जाने का आरोप:कमीशन ने देने पर मारपीट, दो लोग पकड़े गए, नगर पंचायत अध्यक्ष, सभाषद SP से मिले

Oct 09, 2026 - 13:36
0
देवरिया में EO को जबरन ले जाने का आरोप:कमीशन ने देने पर मारपीट, दो लोग पकड़े गए, नगर पंचायत अध्यक्ष, सभाषद SP से मिले
देवरिया जिले के पथरदेवा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह के साथ गुरुवार की रात 11 बजे मारपीट कर उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का आरोप लगा है। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह का आरोप है कि कुछ लोग ईओ से कराए गए कार्यों के एवज में कमीशन मांग रहे थे। घटना के बाद शुक्रवार को दिन में 12 बजे नगर पंचायत अध्यक्षों और सभासदों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के अनुसार, घटना में ईओ चोटिल होकर बेहोश हो गए थे। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा भी है। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह के मुताबिक, आठ अक्टूबर को ईओ हिमांशु प्रताप सिंह किसी काम से देवरिया गए थे। वहां कुछ लोगों द्वारा पीछा किए जाने की जानकारी उन्होंने अध्यक्ष को दी। इसके बाद अध्यक्ष ने उन्हें पथरदेवा स्थित अपने घर आने को कहा। शिकायत के अनुसार, रात करीब 11 बजे ईओ वहां पहुंचे। रात करीब 12 बजे अध्यक्ष घर पहुंचे तो ईओ डरे-सहमे थे। इसी दौरान विकास नाम का व्यक्ति फोन कर उन्हें पथरदेवा चौराहे पर बुला रहा था। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष ईओ को लेकर चौराहे पर पहुंचे तो वहां तीन चारपहिया वाहन खड़े थे। इनमें से एक वाहन का नंबर यूपी 52 सीसी 2242 बताया गया है। आरोप है कि धीरज, करुणेश, विकास और 10 से 12 अज्ञात लोग वाहनों से उतरे और ईओ से गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने ईओ को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित हथियारों से लैस थे और उन्होंने बंदूक लहराते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। कमलेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर तरकुलवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर लोग भागने लगे। इस दौरान निलेश शुक्ला और विवेक दुबे नाम के दो लोगों को पकड़ लिया गया। अध्यक्ष ने अपहरण के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में रुद्रपुर नगर पंचायत प्रतिनिधि छोटेलाल निगम, पथरदेवा के अध्यक्ष क्रांति सिंह, तरकुलवा अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, हेतिमपुर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव और सभासद सुशील पांडेय, प्रताप सिंह, तेज प्रताप सिंह, अजय सिंह, बबलू सिंह, अमित गुप्ता, अफजाल अंसारी, मदन पासवान व बृजेश शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User