देवरिया में हिरासत में लिए डीसीएम चालक की मौत:डेढ़ क्विंटल गांजा बरामदगी के बाद पुलिस ले गई थी साथ, परिजन बोले- पुलिस की लापरवाही की जांच हो
देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को डीसीएम से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद होने के मामले में हिरासत में लिए गए चालक की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह करीब 9 बजे उसकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे देवरिया स्थित महार्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ सदर और एसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घटना की जानकारी ली। शुक्रवार को देवरिया की तरफ से एक डीसीएम खुखुंदू चौराहे पर पहुंचा। वहां पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को नूनखार मार्ग की ओर तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। खुखुंदू थाने से करीब 500 मीटर आगे घेराबंदी कर डीसीएम को रोक लिया गया। पुलिस का कहना है कि वाहन रुकते ही चालक समेत उसमें मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। डीसीएम की तलाशी में अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। ब्रान की आड़ में गांजा ले जाने का आरोप हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान बृजपाल उर्फ विक्की (38), पुत्र कैलाश सिंह, निवासी सोनडाला फरीदपुर, थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह डीसीएम लेकर असम के बरपेटा जिले से आया था। पुलिस के अनुसार, डीसीएम में ब्रान लोड किया गया था, जिसके लिए करीब 28 हजार रुपए दिए जाने की जानकारी मिली है। आशंका है कि ब्रान की आड़ में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। सुबह बिगड़ी तबीयत, मेडिकल कॉलेज में मौत खुखुंदू इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह के मुताबिक, गांजा बरामदगी के बाद संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। शनिवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चाचा ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप मृतक के परिजन भी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। मृतक के पड़ोस में रहने वाले चाचा, जो खुद ट्रक चालक हैं, ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मामले की जानकारी ले चुके हैं। पुलिस गांजा बरामदगी के साथ ही हिरासत में हुई मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)