देवरिया में कॉलेज में बीए छात्रा की मौत:बाथरूम के पास बेहोश मिली, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Oct 12, 2026 - 20:19
0
देवरिया में कॉलेज में बीए छात्रा की मौत:बाथरूम के पास बेहोश मिली, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले तोड़ा दम
देवरिया के बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार शाम बीए द्वितीय वर्ष की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में शौचालय के पास जमीन पर पड़ी मिली। कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी उसे तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, गोरखपुर ले जाने की तैयारी के दौरान शाम करीब छह बजे छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय संजना, पुत्री हरीश, निवासी बरहरा गांव, थाना खुखुंदू के रूप में हुई है। वह बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शौचालय के पास जमीन पर पड़ी मिली छात्रा जानकारी के अनुसार, संजना सोमवार को रोज की तरह पढ़ाई के लिए कॉलेज आई थी। शाम करीब पांच बजे वह महाविद्यालय परिसर में शौचालय के पास जमीन पर पड़ी मिली। कॉलेज कर्मचारियों ने इसकी सूचना प्राचार्य को दी। इसके बाद शिक्षक और कर्मचारी उसे लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। गोरखपुर रेफर करने के दौरान हुई मौत मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने छात्रा की हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन और कॉलेजकर्मी उसे गोरखपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। रात करीब सात बजे परिजन मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका इमरजेंसी में तैनात डॉ. रोहित सिंह के अनुसार, छात्रा को संदिग्ध विषाक्त पदार्थ सेवन (सस्पेक्टेड पॉइजनिंग) की आशंका में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User