दुर्गा भवानी मंदिर पहुंचे पूर्व विधायक:मत्था टेका, क्षेत्र में सुख-समृद्धि व शांति की कामना की
बलिया जिले के सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव ने सोमवार को खरीद गांव स्थित प्राचीन और सिद्धपीठ मां दुर्गा भवानी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पूर्व विधायक ने पूरे विधि-विधान से मां भवानी की पूजा-अर्चना की और उनके चरणों में शीश नवाकर सिकंदरपुर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए मन्नतें मांगीं। सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद गांव में स्थित मां दुर्गा भवानी का दरबार आसपास के इलाके और दूर-दराज से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। विशेष रूप से नवरात्र के दिनों में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जो मां के दर्शन-पूजन और अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय धार्मिक मान्यताओं और किंवदंतियों के अनुसार, इस प्राचीन मंदिर का संबंध दुर्गा सप्तशती में वर्णित राजा सूरथ और समाधि वैश्य की प्रसिद्ध धार्मिक कथा से जोड़ा जाता है। कहा जाता है कि इसी पवित्र स्थान पर उन्होंने मां भगवती की कठोर तपस्या की थी। मंदिर की इस प्राचीनता और मां भवानी की महिमा के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। हिंदू धर्म में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना को शक्ति, साहस और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी आस्था व विश्वास के साथ पूर्व विधायक संजय यादव ने भी मां के दरबार में हाजिरी लगाकर क्षेत्रवासियों के कल्याण की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)