देवरिया में मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि:2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान, नेताओं ने नेताजी के विचारों पर चलने का लिया संकल्प
देवरिया में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को जिले में कई जगह श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। बांस देवरिया स्थित सपा जिला कार्यालय के मुलायम सिंह यादव सभागार में दोपहर 12 से 3 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम और विचार गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मंजूर हसन ने किया। व्यास यादव ने कहा कि नेताजी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाना ही सच्ची श्रद्धांजलि व्यास यादव ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना ही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने भी मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व और उनके कार्यों पर विचार रखे। 2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान उधर, बरहज विधानसभा क्षेत्र स्थित सपा कैंप कार्यालय में भी मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। यहां सपा नेता विजय रावत ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाजवाद के विचारों पर चलने वाली सरकार बनाना ही नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद जिला कार्यालय के कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह, पूर्व विधायक स्वामीनाथ भाई सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, बरहज के कार्यक्रम में अमित प्रधान, अजीत पटेल, सुरेश राजभर, राहुल सिंह, संजय कुमार, अनीश शर्मा, विपिन सिंह, विकास यादव, मनोज कुमार, आदित्य यादव और रोहित मदेशिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)