देवरिया में उद्योग-व्यापार बंधु की बैठक:व्यापारियों और श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
देवरिया के कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा कर उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। उद्योगों की स्थापना और संचालन से जुड़े भूमि, विद्युत कनेक्शन, एनओसी व अन्य अनुमतियों के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा गया। व्यापारिक क्षेत्रों में यातायात, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के साथ व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग की समीक्षा में निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराने और पात्रों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से दिलाने पर जोर दिया गया। श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित शिक्षा व चिकित्सा सहायता योजनाओं के प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारियों को 8 और 9 अक्टूबर को अपने-अपने नगर निकायों में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। इन बैठकों में श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसपी ने व्यापारियों और उद्यमियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और एहतियाती उपाय अपनाने की अपील की। बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल्ल सहित व्यापार, उद्योग एवं श्रम बंधु के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)