देवरिया में विनियमितीकरण की मांग:रामजी सहाय पीजी कॉलेज में शिक्षकों ने छठवें दिन किया दीप प्रज्ज्वलन
देवरिया के रुद्रपुर में अनुदानित महाविद्यालय अनुमोदित स्ववित्त पोषी शिक्षक संघ के आह्वान पर विनियमितीकरण की मांग को लेकर रामजी सहाय पीजी कॉलेज में शिक्षकों द्वारा प्रत्येक कार्यदिवस पर उम्मीद का दीया जलाने का क्रम गुरुवार को छठवें दिन भी जारी रहा। इकाई अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में शिक्षकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अपनी मांग के प्रति एकजुटता और उम्मीद का संदेश दिया। संघ के अनुसार, दो अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद निर्णय लिया गया था कि प्रदेश के 331 अनुदानित महाविद्यालयों में स्ववित्त पोषित योजना के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग को लेकर महाविद्यालय स्तर पर प्रत्येक कार्यदिवस एक दीया जलाया जाएगा। इसी क्रम में रामजी सहाय पीजी कॉलेज में तीन अक्टूबर से यह अभियान शुरू किया गया। छठवें दिन आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से स्ववित्त पोषित योजना के तहत शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षक अपने भविष्य को लेकर आशान्वित हैं। उम्मीद का दीया उनके संघर्ष, धैर्य और विनियमितीकरण की मांग के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। इस अवसर पर डॉ. अशोक सिंह, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, धीरज कुमार, मुकेश चौधरी, डॉ. दिव्या त्रिपाठी, डॉ. विनीता दीक्षित, डॉ. रेखा पाण्डेय, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. हरे राम पाठक, डॉ. पूनम मिश्रा सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)