देवरिया नगर पालिका के कामकाज की जांच पूरी, खंगाले रिकॉर्ड:लखनऊ लौटी लोकायुक्त टीम, सड़क-नाला व अलाव खर्च भी देखा
देवरिया में निर्माण कार्यों और नगर पालिका परिषद के खर्चों की 2 दिन जांच करने के बाद लोकायुक्त की टीम शुक्रवार को लखनऊ लौट गई। टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सड़क, नाला और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। जांच पूरी करने के बाद टीम के सदस्यों ने देवरही मंदिर में पूजा की और दोपहर करीब 12 बजे संबंधित अभिलेख लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। राघव नगर के रहने वाले विजय राव ने नगर पालिका परिषद से जुड़ी कथित अनियमितताओं के संबंध में लोकायुक्त से 11 बिंदुओं पर शिकायत की थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता भी टीम के साथ मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जांच में सहयोग किया। लोकायुक्त की टीम ने स्लेज फार्म और भुजौली कॉलोनी समेत शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। भुजौली कॉलोनी में हनुमान मंदिर से कनक बेकर्स तक बनी सड़क की स्थिति देखी गई। इसके अलावा हनुमान मंदिर से शिव मंदिर कचहरी तक बने नाले की भी जांच की गई। टीम ने प्रेस्टीज इंटर कॉलेज के बगल से सीसी रोड को जोड़ने वाली सड़क और सोमनाथ मंदिर होते हुए कसया रोड की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में बनी सड़क की स्थिति भी देखी गई। टीम ने निर्माण कार्यों से जुड़े तथ्यों और अभिलेखों की पड़ताल की। शिकायत में नगर पालिका परिषद की ओर से वित्तीय वर्ष 2017-18 और 2018-19 में अलाव जलाने के नाम पर कथित अनियमितता का आरोप भी लगाया गया था। टीम ने इस बिंदु पर भी जांच की। जांच के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार शिवेंद्र, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिकायतकर्ता विजय राव ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका परिषद में कथित अनियमितताओं को लेकर लोकायुक्त से 11 बिंदुओं पर शिकायत की थी। टीम ने उन्हें साथ लेकर विभिन्न स्थानों पर जांच की। वहीं, एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह ने बताया कि विजय राव की शिकायत के आधार पर जांच के लिए लोकायुक्त की टीम देवरिया आई थी। टीम ने शिकायत में उठाए गए बिंदुओं पर पड़ताल की। जांच के निष्कर्षों के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)