धान की रखवाली करने गए किसान की सर्पदंश से मौत:शाहजहांपुर में मचान पर सोते समय सांप ने डसा, सुबह खेत पहुंचे परिजनों को मिला शव
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के बाखरपुर गांव में सोमवार रात धान की फसल की रखवाली करने गए 56 वर्षीय रामलड़ैते की सर्पदंश से मौत हो गई। रात में खेत में बनी मचान पर सोते समय सांप ने उन्हें डस लिया। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे परिजन खेत पहुंचे तो रामलड़ैते मचान पर मृत मिले। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रामलड़ैते धान की फसल की रखवाली के लिए रात में खेत पर गए थे। इसी दौरान मचान पर सोते समय सांप ने उन्हें डस लिया। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह खेत पहुंचने पर हुई। रामलड़ैते को मृत देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। रामलड़ैते अविवाहित थे और अपने भाई रामसरन के साथ रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। भाई ही उनकी देखभाल करते थे। अचानक हुई मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बारिश-बाढ़ के बाद सांप निकलने की घटनाएं बढ़ीं बारिश और बाढ़ के कारण इन दिनों सांप और मगरमच्छ के बाहर निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले हनुमतधाम परिसर में भी सांप निकला था। वहां एक युवक सांप को पकड़कर उसके साथ खेलता नजर आया था। कभी वह सांप को लटकाता तो कभी जमीन पर छोड़ देता था। इसका वीडियो भी सामने आया था। जैतीपुर थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि रामलड़ैते के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)