धान क्रयकेंद्र पर अब तक नहीं पहुंचा एक भी किसान:पेयजल की व्यवस्था भी नहीं, एसडीएम ने किया निरीक्षण; 15 फरवरी 2027 तक होगी खरीद
कैराना में आर्यपुरी बाईपास के निकट स्थापित राजकीय धान क्रय केंद्र पर खरीद प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अभी तक एक भी किसान धान बेचने नहीं पहुंचा है। वहीं, केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी नहीं मिली। शनिवार को एसडीएम शिवाजी यादव ने क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए। आर्यपुरी बाईपास के निकट राजकीय धान क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। यहां धान खरीद की अवधि 12 अक्टूबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक धान खरीद की व्यवस्था की गई है। हालांकि, खरीद प्रक्रिया शुरू हुए कई दिन बीतने के बाद भी अब तक कोई किसान धान लेकर केंद्र पर नहीं पहुंचा है। पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं होने का मामला सामने आया। एसडीएम शिवाजी यादव ने केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। किसानों को नहीं होनी चाहिए परेशानी एसडीएम ने कहा कि धान बेचने के लिए केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि धान खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)