दहेज नहीं मिलने पर पत्नी को मायके पहुंचाया इंजीनियर पति:महोबा में दूसरी शादी की धमकी दी, 5 ससुरालियों पर केस दर्ज

Oct 05, 2026 - 12:29
0
दहेज नहीं मिलने पर पत्नी को मायके पहुंचाया इंजीनियर पति:महोबा में दूसरी शादी की धमकी दी, 5 ससुरालियों पर केस दर्ज
महोबा की स्वाति गुप्ता ने ससुराल वालों पर 10 लाख रुपये दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने इंजीनियर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने स्वाति के साथ रहने से इनकार कर दिया और उसे मायके छोड़ दिया। स्वाति की शादी 5 फरवरी 2026 को लखनऊ निवासी निहाल गुप्ता के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद पति ने उसके साथ रहने से इनकार करते हुए मायके से 10 लाख रुपये लाने की शर्त रखी। निहाल एक कंपनी में इंजीनियर है और उसका वेतन 1.80 लाख रुपये प्रतिमाह बताया गया है। स्वाति के मुताबिक, उसने दहेज की रकम देने से इनकार किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि पति निहाल ने उसे दूसरी शादी करने की धमकी भी दी। इसके बाद ससुराल वाले स्वाति को जबरन उसके मायके छोड़ गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला थाने में की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति निहाल गुप्ता, ससुर प्रमोद गुप्ता, सास अंजू, देवर रिशू और ननद दिव्या के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। महिला थाना प्रभारी निकिता शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User