धीरेंद्र प्रताप हत्याकांड: CBIजांच की मांग पर ग्रामीण लखनऊ कूच:SDM ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, परिजनों ने मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी मांगी
उन्नाव के बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह की 31 अगस्त को हुई हत्या के मामले में सोमवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों और परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब एक हजार ग्रामीण मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने के लिए लखनऊ कूच कर रहे थे। इसकी जानकारी पर बांगरमऊ एसडीएम ब्रज मोहन शुक्ला मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मृतक के भाई अवधेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि घटना में स्थानीय पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। उन्होंने हत्या के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की। परिजनों ने कहा कि जब तक हत्या की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं है। मृतक की बहन साधना सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन धीरेंद्र घर आए थे। वह रात करीब एक बजे वहां से चले गए थे। उनके साथ मौजूद ड्राइवर जल्दी जाने की बात कह रहा था। अगले दिन सुबह करीब 3:30 बजे भाभी का फोन आया कि धीरेंद्र लापता हैं और उनका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद परिवार को उनकी हत्या की जानकारी हुई। साधना सिंह ने कहा कि परिवार की मांग सीबीआई जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी है। उन्होंने कहा कि परिवार के अन्य भाइयों को भी खतरा है, इसलिए उन्हें सुरक्षा दी जाए। उनका कहना था कि परिवार को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि धीरेंद्र की हत्या किसने और क्यों की। उन्होंने कहा कि घटना को करीब एक माह बीत चुका है और शुरुआती गिरफ्तारी के बाद जांच में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार विधानसभा पहुंचकर अपनी बात रखेगा। ग्रामीणों के लखनऊ कूच की सूचना पर एसडीएम ब्रज मोहन शुक्ला करीब दो किलोमीटर दूर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि राजेपुर ग्राम सभा के धीरेंद्र सिंह की करीब एक माह पहले हत्या हुई थी। परिजन और ग्रामीण हत्या के खुलासे के लिए सीबीआई जांच की मांग को लेकर ज्ञापन देने आए थे। एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी मांगों पर सात दिन में उचित कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक लौट गए। पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है। वहीं परिजन मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी और हत्या के पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की मांग पर अड़े हैं। सीबीआई जांच की मांग को लेकर दिए गए ज्ञापन के बाद अब प्रशासन स्तर से मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)