डीएम ने फोन पर लिया हर घर नल का फीडबैक:ग्रामीणों ने बताई हकीकत, कंपनी को नोटिस देकर 5 दिन में मांगी रिपोर्ट
सोनभद्र मे जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर को नल से जल’ पहुंचाने की योजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए डीएम चर्चित गौड़ ने सोमवार को अधिकारियों की रिपोर्ट के बजाय सीधे ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों से बात की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने मोबाइल फोन से लोढ़ी, बभनौली, पसही कला, तेंदुहार, अदलगंज, लोहरा और सोनबरसा समेत संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों व ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति का फीडबैक लिया। कई गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत सामने आई। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पटवध समूह पेयजल योजना से संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पेयजल योजना के सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन सीधे ग्रामीणों की मूलभूत जरूरत से जुड़ी योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पटवध समूह पेयजल योजना से जुड़े ग्रामों में टीम गठित कर जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। टीम का गठन दो दिन के भीतर करने और जांच की विस्तृत रिपोर्ट पांच दिन के अंदर उपलब्ध कराने को कहा गया है। जांच के दौरान गांवों में पाइपलाइन की स्थिति, दिए गए घरेलू कनेक्शन, पानी की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजना का लाभ पात्र ग्रामीण परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। डीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसलिए योजना के संचालन और जलापूर्ति की लगातार निगरानी की जाए तथा ग्रामीणों से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जल जीवन मिशन से जुड़े कंपनी प्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)