डीएम ने रात में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया:सीतापुर में बाढ़ प्रभावितों से हाल जाना, भोजन-पानी पहुंचाने के निर्देश
सीतापुर में सराय नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार रात करीब 1 बजे जिला प्रशासन की ओर से बनाए गए रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने लोगों से भोजन, पेयजल, ठहरने की व्यवस्था समेत अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने रैन बसेरों में रह रहे लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को लगातार सक्रिय रखा गया है। डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाली कराए गए घरों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग की ओर से नियमित पेट्रोलिंग कराई जा रही है। इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों के घरों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
डीएम के निर्देश पर रैन बसेरों में राजस्व कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी लगाया गया है। संबंधित विभागों की टीमें रैन बसेरों में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि रैन बसेरों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि वहां ठहरे लोगों की किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। जिला प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का फोकस प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के साथ उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)