डीएम-नगर आयुक्त के बाद अब रात में महापौर का निरीक्षण:मसवानपुर से VIP रोड तक पैचवर्क की गुणवत्ता जांची,बोली-लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कानपुर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चल रहे पैचवर्क और निर्माण कार्यों की निगरानी अब रात में भी तेज हो गई है। पिछले कई दिनों से देर रात सड़कों और सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे जिलाधिकारी, सीडीओ और नगर आयुक्त के बाद अब महापौर प्रमिला पांडेय भी निरीक्षण के लिए सड़क पर उतर आई हैं। शनिवार देर रात महापौर ने शहर की दो प्रमुख सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। महापौर बोलीं- निर्धारित मानकों का हो पालन महापौर प्रमिला पांडेय ने देर रात मसवानपुर चौराहे से नमक फैक्ट्री चौराहे तक सड़क पर चल रहे पैचवर्क और तिलक नगर से वीआईपी रोड जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर काम की प्रगति देखी और अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। महापौर ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा कराया जाए, लेकिन जल्दबाजी में गुणवत्ता से समझौता न हो। सड़कें ऐसी बनाई जाएं, जिससे शहरवासियों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अफसरों के बाद महापौर भी एक्टिव शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए प्रशासन ने रात्रिकालीन निरीक्षण तेज कर दिया है। पिछले कई दिनों से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय देर रात शहर में निकलकर सड़क मरम्मत और सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। अब महापौर के भी रात में निरीक्षण शुरू करने से सड़क निर्माण कार्यों की निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि सड़कों की गुणवत्ता बनी रहे और लोगों को बार-बार मरम्मत की समस्या का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)