पुलिस जंगल में ले गई, पेड़ से सटाकर पीटा:युवक का आरोप- थाने में भी पीटा और जबरन अंगूठा लगवाया, पारिवारिक विवाद में हिरासत में लिया
पीलीभीत के दियोरिया कलां थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने पुलिस पर अमानवीय व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि पारिवारिक विवाद के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर गई और रास्ते में जंगल में एक पेड़ से सटाकर उसकी पिटाई की। घटना से जुड़ा एक वीडियो रविवार सुबह करीब 8 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में युवक अपनी आपबीती बताते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहा है। युवक बोला- जंगल में पेड़ पकड़वाकर पीटा मामला दियोहना पिपरैया गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी फूलचंद का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पिता ने थाने में बेटे के खिलाफ तहरीर दी थी। फूलचंद का आरोप है कि 1 अक्टूबर को शिकायत के आधार पर दियोरिया कलां थाने में तैनात एक दरोगा उसे हिरासत में लेने पहुंचे। युवक के मुताबिक, दरोगा उसे थाने ले जाने के बजाय रास्ते में जंगल की ओर ले गए। वहां उसे एक पेड़ पकड़ने के लिए कहा गया और इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। थाने में भी पीटने और मेडिकल न कराने का आरोप वायरल वीडियो में फूलचंद ने आरोप लगाया कि जंगल में पिटाई के बाद पुलिस उसे थाने ले आई। वहां भी उसके साथ लातों से मारपीट की गई। युवक का यह भी आरोप है कि पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया। उसके मुताबिक, इसके बजाय जबरन उसका अंगूठा लगवाया गया और शांति भंग की आशंका में उसका चालान कर दिया गया। पुलिस ने आरोपों को बताया गलत सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दियोरिया कलां थाना पुलिस ने युवक के सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राहुल पांडेय ने कहा कि वायरल वीडियो और युवक के आरोपों का संज्ञान लिया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)