डीएफओ विकास नायक को अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि:आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे हादसे में हुआ था निधन, शोकसभा में 2 मिनट का मौन
इटावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बीते मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में डीएफओ विकास नायक के असामयिक निधन पर बुधवार दोपहर 12 बजे विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। 29 सितंबर को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुई सड़क दुर्घटना में डीएफओ विकास नायक की मौत हो गई थी। उनके निधन की खबर से अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है। शोकसभा में उनके असामयिक निधन को अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति बताया गया। विकास भवन के प्रेरणा सभागार में आयोजित शोकसभा में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, उप कृषि निदेशक सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह और जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद समेत जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने डीएफओ विकास नायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)