दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे का फैसला:फिरोजाबाद में कई प्रमुख ट्रेनें निरस्त, यात्री परेशान

Oct 10, 2026 - 09:23
0
दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे का फैसला:फिरोजाबाद में कई प्रमुख ट्रेनें निरस्त, यात्री परेशान
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को काकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने एक दर्जन से अधिक प्रमुख ट्रेनों का संचालन निरस्त कर दिया है। अचानक ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूंडला रेलवे स्टेशन पर पहुंचे कई यात्रियों को जब ट्रेनें नहीं चलने की जानकारी मिली तो उन्हें अपनी यात्रा स्थगित कर वापस लौटना पड़ा। वहीं, कई यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों की तलाश करनी पड़ी। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार को ट्रेन संख्या 64583 टूंडला-अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर और टूंडला-पलवल पैसेंजर का संचालन बंद रहेगा। कई प्रमुख ट्रेनों को भी निरस्त किया इसके अलावा मगध एक्सप्रेस समेत कानपुर-दिल्ली रेलमार्ग पर संचालित अमृत भारत एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी और श्रमशक्ति एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों को भी निरस्त किया गया है। ट्रेनों के निरस्त रहने से दिल्ली और आसपास के शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रेन निरस्त होने से परेशान पचोखरा निवासी ऊदल सिंह ने बताया कि उन्हें पलवल जाना था। वह यात्रा के लिए निकले थे, लेकिन ट्रेन निरस्त होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसी तरह एत्मादपुर निवासी गौरी शंकर ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाना था। स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन निरस्त होने का पता चला, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना ट्रेन के संचालन की अद्यतन जानकारी के आधार पर ही बनाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User