दिल्ली में जाम के कारण रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द:चित्रकूट से गुजरने वाली संपर्क क्रांति और महाकौशल एक्सप्रेस भी शामिल
चित्रकूट दिल्ली में 10 अक्टूबर को संभावित भारी यातायात जाम को देखते हुए रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसका असर चित्रकूट से जुड़ी रेल सेवाओं पर भी पड़ेगा। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और महाकौशल एक्सप्रेस भी निरस्त रहेंगी। इससे दिल्ली और मध्य प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यातायात सलाह में नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी जाम की आशंका जताई गई है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों का संचालन प्रभावित करने का फैसला लिया गया है। रेलवे के मुताबिक, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन संख्या 22181 महाकौशल एक्सप्रेस 9 अक्टूबर को निरस्त रहेगी। इसके चलते वापसी में हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर ट्रेन संख्या 22182 भी 10 अक्टूबर को नहीं चलेगी। इसी तरह जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12121) 9 अक्टूबर को रद्द रहेगी, जबकि इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 12122 भी 10 अक्टूबर को निरस्त रहेगी। इसके अलावा प्रयागराज एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति, शिवगंगा एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, शताब्दी और राजधानी सहित कई अन्य ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित होंगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है। इन तारीखों में दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम होने के कारण कुछ लोग ट्रेनें रद्द किए जाने को उससे भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, झांसी के डीआरएम कार्यालय में तैनात पीआरओ मनोज कुमार सिंह और सीनियर पीआरओ अमित मालवीय ने ट्रेनों के निरस्तीकरण की वजह यातायात संबंधी समस्या बताई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप या रेलवे के आधिकारिक सूचना माध्यमों से ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही यात्रा करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)