दिल्ली से बस्ती लौट-रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत:हरदोई में जनरल बोगी में धक्का-मुक्की के दौरान हुआ हादसा
हरदोई जनपद के बघौली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली से अपने घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक की चलती ट्रेन से गुरुवार की सुबह करीब 10:45 बजे गिरकर मौत हो गई। यह हादसा ट्रेन की जनरल बोगी में भारी भीड़ के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान पेश आया, जिससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जगदीशपुर दुस्वा निवासी 24 वर्षीय सोनू पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। सोनू दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। बुधवार को वह अपने फुफेरे भाई मोहित के साथ आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-15058) की जनरल बोगी में सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह जब ट्रेन हरदोई रेलवे स्टेशन से आगे निकली, तो सोनू बोगी की भारी भीड़ के बीच से रास्ता बनाते हुए टॉयलेट के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान बोगी में अचानक धक्का-मुक्की होने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ाकर चलती ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डिब्बे में अत्यधिक भीड़ होने के कारण शुरुआत में किसी को तुरंत घटना का पता नहीं चल सका। जब अन्य यात्रियों ने इस बारे में बताया, तो फुफेरे भाई मोहित ने लखनऊ स्टेशन पर उतरकर घटना की जानकारी दी। इस बीच, बघौली थाने के केशवन रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद मोहित के वहां पहुंचने पर शव की शिनाख्त सोनू के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनू तीन भाई-बहन में सबसे बड़े थे। उनकी एक छोटी बहन की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि घर में अब केवल एक छोटा भाई बचा है। सोनू के पिता सुरेश दिल्ली की नरैना लोहा मंडी में काम करते हैं और जवान बेटे की इस आकस्मिक मौत से मां गुड़िया सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)