डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे मथुरा:पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मारक पहुंच कर किए नमन, किसान युवा सम्मेलन में गिनाई सरकार की उपलब्धियां
मथुरा के फरह क्षेत्र में स्थित पंडित दीनदयाल धाम में आयोजित मेले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम ने पंडित दीनदयाल जी के स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए नमन किया। इसके बाद उन्होंने वहां आयोजित किसान युवा सम्मेलन को संबोधित किया। डिप्टी सीएम ने सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से जोड़ते हुए कहा कि गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रदेश में संचालित हैं 81 मेडिकल कॉलेज उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के इलाज की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 2026-27 के राज्य बजट दस्तावेज के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 45 सरकारी और 36 निजी क्षेत्र के हैं। सरकार योजनाओं को कर रही धरातल पर लागू बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जिन जिलों में अभी मेडिकल कॉलेज की सुविधा नहीं है, वहां भी चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को मजबूत करने, युवाओं को अवसर देने और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार योजनाओं को धरातल पर लागू कर रही है। डिप्टी सीएम ने कहा कि समाज में विभिन्न प्रकार की बातें और नकारात्मक माहौल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों से प्रेरणा लेने और अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाने की बात कही। किसान,युवा और गरीब को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता संबोधन में डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के करोड़ों युवा और महिलाएं विकास की प्रक्रिया से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों को केंद्र में रखकर सरकार हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए काम करती रहेगी। बृजेश पाठक ने कहा कि किसान, गरीब, युवा और बुजुर्ग सभी को सम्मान और अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय की विचारधारा सरकार की योजनाओं के केंद्र में है। अंत में उन्होंने मेले में उपस्थित लोगों का आभार जताते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहार में उतारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। नौकरी मांगो मत, नौकरी देने वाले बनो’: भूपेंद्र सिंह पंडित दीनदयाल धाम मेले में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल नौकरी तलाशने की नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले युवा तैयार करने की है। प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “नौकरी मांगो मत, नौकरी देने वाले बनो।” उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे उद्योगों और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करना जरूरी है। स्थानीय स्तर पर पेड़ा, लड्डू और अन्य पारंपरिक उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर उन्हें बड़े बाजार से जोड़ने की जरूरत है। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)