पोस्टमार्टम में सिर-छाती समेत 7 चोटें मिलीं:दायां फेफड़ा भी फटा, 800 वर्गफीट जमीन के बंटवारे में युवक की हत्या, पिता-भाई गिरफ्तार
उन्नाव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुई युवक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों की गंभीरता सामने आई है। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जिला अस्पताल के डॉक्टर मनीष चौरसिया ने दिलशाद (26) उर्फ पप्पू के शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में सिर, छाती, चेहरे और हाथ समेत शरीर पर सात चोटें मिली हैं। चोट के कारण दायां फेफड़ा भी फट गया था। मामले में पत्नी सोफिया की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार शाम मृतक के पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मृतक के पिता मुर्तजा और भाई इरशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक परिवार में करीब 800 वर्गफीट पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दिलशाद पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जान बचाने को घर से भागा, सड़क पर गिरा हमले में घायल दिलशाद घर से निकलकर जान बचाने के लिए भागा, लेकिन कुछ दूरी पर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया था। एक दिन पहले पत्नी से भी हुआ था विवाद परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम घर में वाशिंग मशीन रखने को लेकर दिलशाद की पत्नी सोफिया का ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था। सोफिया ने इस दौरान मारपीट का भी आरोप लगाया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद दिलशाद ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। इसके बाद परिवार में तनाव बढ़ने की बात सामने आई। बुधवार को दोबारा विवाद के बाद दिलशाद पर हमला किए जाने का आरोप है। पिता और भाई हिरासत में, तीन की तलाश सोफिया की तहरीर पर पुलिस ने मुर्तजा पुत्र पठान, एजाज, शहजाद, इरशाद पुत्रगण मुर्तजा और दिलशाद पुत्र पीरू निवासी सुल्तानपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 352 और 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुर्तजा और इरशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद एहतियातन मोहल्ले में पुलिस बल तैनात है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। ---------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… 800 स्क्वायर फीट जमीन के लिए तलवार से काट डाला:उन्नाव में पिता और 2 भाइयों ने मिलकर किए वार; पत्नी छोड़ने की गुहार लगाती रही उन्नाव में 800 वर्गफीट जमीन के लिए भाई ने भाई की तलवार से हत्या कर दी। पत्नी का आरोप है कि उसके ससुर और दो देवरों ने पति को पकड़ लिया, जबकि एक देवर ने तलवार से ताबड़तोड़ 3 वार किए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ पति को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला जिला मुख्यालय से करीब 56 किलोमीटर दूर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंजमुरादाबाद कस्बे का है। मृतक की पहचान दिलशाद (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता और एक भाई को हिरासत में लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो आरोपी भाई फरार हैं। पढ़ें पूरी खबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)