डिवाइडर के गड्ढे में गिरकर बुजुर्ग की मौत:हापुड़ लौटने के लिए बस पकड़ने जा रहे थे, निर्माणाधीन सड़क पर हुआ हादसा
बुलंदशहर में गुरुवार शाम करीब 6 बजे एनएच के डिवाइडर में बने गहरे गड्ढे में गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने गड्ढे में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के भूड़ चौराहे का है। बुजुर्ग की पहचान हापुड़ निवासी नसीम के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के घर बुलंदशहर आए थे। गुरुवार शाम वह वापस हापुड़ जाने के लिए रोडवेज बस पकड़ने के लिए भूड़ चौराहे की ओर जा रहे थे। डिवाइडर के गड्ढे में गिर गए बताया गया कि चौराहे के पास सड़क पार करते समय नसीम डिवाइडर की तरफ से गुजर रहे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे और खुले गड्ढे में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। गड्ढा गहरा होने के कारण किसी को तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर तक गड्ढे में पड़ा रहा शव नसीम काफी देर तक गड्ढे में पड़े रहे। समय पर मदद और इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। बाद में निर्माण कार्य में लगे मजदूर जब काम करने पहुंचे तो उन्हें गड्ढे के अंदर नसीम का शव दिखाई दिया। मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। खुले गड्ढे पर उठे सवाल भूड़ चौराहा व्यस्त इलाका है। यहां डिवाइडर पर बिना सुरक्षा इंतजाम और संकेतक के गड्ढा खुला होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान गड्ढे को सुरक्षित तरीके से ढकना या उसके आसपास बैरिकेडिंग करना जरूरी था। हादसे के बाद निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)