DM कार्यालय पर अनशन करने वाली 2 टीचर सस्पेंड:7 दिन में जांच रिपोर्ट देंगे अधिकारी, विभाग की छवि खराब करने का आरोप
शामली में डीएम कार्यालय पर अनशन करने वाली दो सहायक अध्यापिकाओं को बेसिक शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने 13 अक्टूबर को दोनों शिक्षिकाओं के निलंबन आदेश जारी किए। विभाग ने दोनों के खिलाफ अलग-अलग आरोपों के आधार पर कार्रवाई की है। मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी ऊन और कांधला को जांच अधिकारी नामित किया गया है। बीएसए संतोष कुमार के अनुसार, कांधला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नाला-2 में तैनात सहायक अध्यापिका नीरू नैन और प्राथमिक विद्यालय मखमूलपुर-2 में तैनात पूनम तोमर छह अक्टूबर को डीएम कार्यालय पर अनशन पर बैठी थीं। दोनों शिक्षिकाएं सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थीं। विभाग ने ये लगाए आरोप विभाग के अनुसार, नीरू नैन ने पूनम तोमर के साथ बिना विभागीय अनुमति के अनशन किया। वहीं, पूनम तोमर पर अपने खिलाफ चल रही जांच को प्रभावित करने और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर जिला प्रशासन व बेसिक शिक्षा विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। सात दिन में आरोपपत्र और जांच आख्या देने के निर्देश विभाग ने मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी ऊन और कांधला को जांच अधिकारी नामित किया है। दोनों अधिकारियों को सात दिन के भीतर आरोपपत्र जारी कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि में शिक्षिका पूनम तोमर को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। उन्हें प्राथमिक विद्यालय मसावी, थानाभवन से संबद्ध किया गया है। वहीं, नीरू नैन को प्राथमिक विद्यालय मंडावर, कैराना से संबद्ध किया गया है। शिक्षिकाओं ने कार्रवाई पर उठाए सवाल निलंबित शिक्षिकाओं का कहना है कि उनकी शिकायत पर विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके उलट, आवाज उठाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने इसे दबाव बनाने की कोशिश बताते हुए कहा कि वे अपनी आवाज उठाती रहेंगी। शिक्षिकाओं का आरोप है कि जिन लोगों के खिलाफ उन्होंने शिकायत की थी, उनके हौसले बुलंद हैं और वे अब भी सोशल मीडिया ग्रुपों में कमेंट कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)